logo

कुम्हार समन्वय समिति ने पांकी विधायक का पुतला दहन किया, क्या है पूरा मामला  

PANKI.jpg

डाल्टेनगंज 

पांकी विधायक शशिभूषण मेहता द्वारा कथित रूप से रविन्द्र प्रजापति के साथ मारपीट के बाद झारखंड कुम्हार समन्वय समिति ने पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय में पुतला दहन किया। इस दौरान समिति से जुड़े सूत्रों ने आरोप लगाया कि 3 जुलाई को मेदिनीनगर निवासी रविन्द्र प्रजापति के साथ पांकी विधायक डॉक्टर शशिभूषण मेहता ने मारपीट की। चोरी का आरोप लगाते हुए घर के महिला सदस्यों से भी मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। उनके लोगों ने गुंडागर्दी दिखाते हुए उनकी दुकान में ताला लगा दिया। रविन्द्र प्रजापति के बेटे विजय प्रजापति को थाना ले गये। 


कहा कि इस संबंध में पलामू जिले के थानों में मुकदमा दर्ज नहीं हो पाया तो विधायक ने अपने  प्रभाव वाले थाना रांची जिला के ओरमांझी थाना में अपनी बेटी सिम्मी मेहता से मुकदमा दर्ज करवा कर हवालात भिजवा दिया। होटवार जेल में रविन्द्र प्रजापति के बेटे को 19 जुलाई को जमानत मिल गयी। समिति ने अब इस मामले की जांच सरकारी एजेंसी से कराने की मांग की है। कहा है कि जांच नहीं होने पर विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जायेगा। इन मसलों पर झारखंड कुम्हार समन्वय समिति पलामू कोर कमिटी के साथ हुई बैठक में सहमति बनी। यह भी निर्णय लिया गया कि पांकी विधायक के खिलाफ मुकदमा संगठन की ओर से लड़ा जायेगा। 

झारखंड कुम्हार समन्वय समिति ने पलामू शासन प्रशासन को संदेश देने के लिए पुतला दहन किया। कहा कि जिला प्रशासन मुकदमा दर्ज नहीं करती है तो सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। इस घटना से पूरा कुम्हार समाज सकते में है। सहमा हुआ है और आहत है। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं पलामू पुलिस अधीक्षक से मांग की गयी कि विधायक शशिभूषण मेहता पर मुकदमा दर्ज कर रविन्द्र प्रजापति को न्याय दिलवाने में मदद करें। 

Tags - Effigy burningShashi Bhushan MehtaJharkhand News